देखते ही देखते खाली हो गया 2350 लीटर का टैंकर
संवाद न्यूज एजेंसी
बेल्थरारोड। जिला पंचायत के डाक बंगला के निकट रविवार की देर रात कुत्ते को बचाने के प्रयास में दूध से भरा एक टैंकर पलट गया। इससे टैंकर में भरा दूध जमीन पर गिर कर बहने लगा। टैंकर से गिर रहे दूध की जानकारी मिलते ही उसे लूटने की होड़ मच गई। देखते ही देखते 2350 लीटर दूध से भरा टैंकर खाली हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा कराया। इस दौरान टैंकर चालक को मामूली चोटें आईं। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के सिसोटार ग्राम से रविवार की रात दूध से भरा टैंकर गोरखपुर के लिए रवाना हुआ। आधी रात के समय टैंकर बेल्थरारोड नगर पंचायत के वार्ड नंबर आठ स्थित होलिका दहन स्थल से होकर गुजर रहा था कि टैंकर के सामने एक कुत्ता आ गया।
कुत्ते को बचाने के चक्कर में टैंकर असंतुलित होकर सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गया और उसमें भरा दूध जमीन पर गिरकर बहने लगा। टैंकर पलटने की जानकारी मिलते ही वहां भीड़ इकट्ठी हो गई। लोग घरों से बाल्टी लाकर टैंकर से गिर रहे दूध को लूटने में जुट गए। करीब एक घंटे तक अफरातफरी के बीच दूध लूटने की होड़ मची रही।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस के पहुंचते ही दूध लूटने वाले खिसक गए। उसके बाद कड़ी मशक्कत कर क्रेन की मदद से टैंकर को गड्ढे से बाहर निकाल सड़क पर लाया गया। हादसे में टैंकर चालक सोनू कुमार गोंड निवासी मियाजीपुर डेरा थाना सेमरी, बक्सर बिहार को हल्की चोटें आईं।