जनजाति का प्रमाण-पत्र जारी करने की मांग को लेकर गोंड और खरवार समाज के युवाओं का तहसीलों में चल रहा धरना अब और तेज होने लगा है। ऑल गोंडवाना स्टूडेंट्स एसोसिएशन की ओर से सदर माॅडल तहसील पर चल रहा धरना आठवें दिन भी जारी रहा। पांच जनवरी से संवैधानिक सत्याग्रह अनशन का एलान किया गया है। बैरिया और बांसडीह तहसील में भी धरना जारी है।
ऑल गोंडवाना स्टूडेंट्स एसोसिएशन के धरने में नायब तहसीलदार और उप जिलाधिकारी सदर धरना स्थल पर पहुंचकर जाति प्रमाण पत्र जारी होने का आश्वासन देते रहे, लेकिन युवा आंदोलन पर डटे रहे। कहा कि शासन से पत्र के जारी होने के नौ दिन बीत जाने के बाद भी लेखपाल अनुसूचित जनजाति का प्रमाण-पत्र जारी नहीं कर रहे हैं। आवेदन करने पर अस्वीकृत कर दिया जा रहा है। जिले में आदिवासी जनजाति समुदाय का उत्पीड़न चरम पर है। जाति प्रमाण-पत्र के अभाव में गोंड समुदाय के छात्र नौजवान पुलिस भर्ती जैसी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में आवेदन करने से वंचित हैं। मनोज शाह व राकेश कुमार गोंड ने कहा कि यदि तत्काल जाति प्रमाण पत्र जारी होना प्रारंभ नहीं हुआ तो पांच जनवरी से सामूहिक संवैधानिक सत्याग्रह अनशन प्रारंभ किया जाएगा। जीउत गोंड, अरविंद गोंडवाना, कृष्णा कुमार गोंड, सुरेश शाह, संजय गोंड, कन्हैया गोंड आदि थे।