शनिवार को सिकंदरपुरकस्बे में महावीरी झंडा जुलूस निकाला। इसमें विभिन्न अखाड़ों के सैकड़ों लोग शामिल रहे। जुलूस में श्रीराम भक्त हनुमान के अलावा देवी-देवताओं की झांकी निकाली गई। जुलूस में शामिल कलाकारों ने तलवारबाजी, लट्ठबाजी, बनैली, फरसा, भाला, गदा आदि तरह-तरह के युद्ध कला का प्रदर्शन किया।
उधर जुलूस के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किए गए थे। सिकंदरपुर में महावीरी झंडा जुलूस में नगर के कुल 20 अखाड़ेदारों ने अलग-अलग झांकियों के साथ करतब दिखाया। करतबबाजों का प्रदर्शन देख लोग हैरान रह जा रहे थे।
कलाकारों के करतब ने लोगों का मन मोह लिया। गदका और तलवारबाजी लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। जुलूस के दौरान भक्तगण जय हनुमान और हनुमान चालीसा के डीजे धुन पर झूमते नजर आए। बच्चे भी इससे कहीं भी वंचित नहीं रहे। जहां वानरी वेश में बच्चे जुलूस में चार चांद लगा रहे थे वहीं लोग उनके करतबों को देख सराहने में जुटे रहे। युवाओं ने गदा, तलवार, मलेठी आदि करतबों का प्रदर्शन किया।
नगर के मोहल्ला मिल्की, बड्ढ़ा मोहला, हास्पिटल रोड, डोमनपुरा, चक खान, रहिला पाली, गोला बाजार एक और दो, गंधी मोहल्ला, बस स्टैंड, जलालीपुर, मैनापुर सहित अन्य अखाड़ों से भी जुलूस निकाले गए। जुलसू समाप्त होने तक शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रही।
जिलाधिकरी मुरली मनोहर लाल, पुलिस अधीक्षक राजू बाबू सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक केसी गोस्वामी, एडीएम खेमपाल सिंह, एसडीएम घनश्याम त्रिपाठी और सीओ रामकृष्ण मिश्र और सिकंदरपुर एसओ संजय द्विवेदी सहित कई थानों के एसओ भी मौजूद रहे।