बांसडीह रोड। थाना क्षेत्र के टकरसन गांव में सोमवार की सुबह ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि मेरे युवक को जहर देकर मार दिया गया है।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। समाचार लिखे जाने तक कोई तहरीर नहीं मिली थी। बताया जा रहा है कि धनजी पासी (32) पुत्र केदार निवासी अकरौड़ा थाना नवानगर जिला बक्सर बिहार बलिया जिले के बांसडीहरोड थाना के टकरसन गांव ससुराल अपने साली के शादी में शामिल होने बीते सप्ताह से आया था। धनजी पासी सोमवार की सुबह कहीं गया था। वहां से लौटने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। ससुराल वाले उसे अभी अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसकी मौत हो गई। इसके बाद घर में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बाबत थानाध्यक्ष सुनील लांबा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।