चौकियामोड़। पशुहारी गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के मामले में दूषित खाद्य तेल और पेयजल की आशंका जताई गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी को जांच निष्कर्षों की जानकारी दी। जांच में आर्जिमोन के बीज से दूषित तेल और कोलीफॉर्म बैक्टीरिया युक्त पानी के सेवन के संकेत मिले हैं, हालांकि अंतिम पुष्टि बाकी है। सांसद ने चार सितंबर को जांच की मांग की थी, जिसके बाद मंत्री ने 12 अक्तूबर को पत्र भेजा। राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र में जांच कराई, जिसमें डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड की रिपोर्ट निगेटिव आई। जिस तेल प्रसंस्करण परिसर में आर्जिमोन के बीज मिले थे, उस पर विभागों ने कार्रवाई की। सांसद के मीडिया प्रभारी जितेश कुमार वर्मा ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छ पेयजल की नियमित जांच पर जोर दिया।