बलिया। रेलवे स्टेशन परिसर को संवारने व यात्री सुविधाएं बढ़ाने की कवायद चल रही है। इंजीनियरों की टीम ने शुक्रवार को स्टेशन के उत्तर व दक्षिण क्षेत्र का ड्रोन कैमरा से सर्वे कराया। ड्रोन से ली गई तस्वीर के आधार पर थ्रीडी नक्शा बनेगा। इसके आधार पर संसाधन व निर्माण कार्य होंगे।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पर और यात्री सुविधाएं बढ़ाने व विस्तार करने के लिए और 14 करोड़ रुपये मिले हैं। सर्कुलेटिंग क्षेत्र का विस्तार व सुंदरीकरण होगा। स्टेशन के मुख्यगेट से मालगोदाम तक के बीच के सभी कर्मचारी क्वार्टर तोड़े जाएंगे। स्टेशन परिसर में आने के लिए अब दूसरा गेट मालगोदाम चौराहे से होगा। दोनों गेटों के बीच चौड़ी सड़क का निर्माण होगा। यात्री सहूलियत से प्लेटफार्म पर पहुंच सके, इसका खास ध्यान रहेगा। वाहन स्टैंड को भी हटाया जाएगा। महुआ मोड़ की तरफ बनारस की तर्ज पर भवन का निर्माण व पुराने भवनों को तोड़कर सभी खाली स्थानों का सर्कुलेटिंग एरिया बनेगा। रेलवे के सहायक इंजीनियर कमलेश कुमार व उनकी पूरी टीम ने ड्रोन की मदद से क्षेत्र का सर्वे किया। दिल्ली के आर्किटेक्ट स्टेशन के होने वाले नए कार्यों का थ्रीडी नक्शा तैयार कर रहे हैं। उन्हें ड्रोन से ली गई तस्वीरों व वीडियो को भेेजा जाएगा। स्टेशन प्लेटफार्म पर चल रहे निर्माण कार्यो का जायजा मंडलीय टीम ने भी लिया। उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिए।