बलिया। सदर तहसील अंतर्गत सर्वे विभाग के कानूनगो को घूस लेने के आरोप में एसडीएम ने निलंबित कर दिया है।
सदर तहसील के शिवपुर दियर नंबरी गरीबा राय के डेरा निवासी जगजीत सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर बताया कि सर्वे कानूनगो की ओर से दबंगों से मिलीभगत कर गलत पैमाइश करके घर गिरवाने की धमकी दी जा रही है और घूस की मांग की जा रही है। मुझसे व मेरे पिता से अब तक 14 हजार ले चुका है। श्री सिंह ने जिलाधिकारी को शपथ पत्र के साथ वीडियो भी उपलब्ध कराया। डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर जुनेद अहमद ने मामले की जांच के बाद सर्वे कानूनगो नागेंद्र पांडेय को निलंबित कर दिया है। इससे पहले बैरिया तहसील के एक कानूनगो के पैमाइश के लिए घूस लेने का वीडियो वायरल होने पर निलंबित किया गया था।