पालीटेक्निक प्रवेश परीक्षा की टॉपर सुमबुल परवीन
भृगुनगरी की बेटी ने पालिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा में पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर अपने जिले की नाम रोशन किया है। उसके इस कामयाबी पर उसके माता-पिता के साथ शुभेच्छुओं में खुशी की लहर है। बधाई देने के लिए पूरे दिन मोबाइल घनघनाता रहा। अपनी कामयाबी का श्रेय लाडली ने अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है।
शहर के काजीपुरा निवासी डा. इफ्तेखार खां की लाड़ली सुमबुल परवीन ने इस बार पालिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा दी थी। परीक्षा का रिजल्ट निकलने के बाद जैसे ही सुमबुल ने अपने कामयाबी की खबर सुनी। उसने सबसे पहले खुदा का शुक्र जताया। कहा कि रमजान माह में खुदा अपने नेक बंदे की इसी तरह से खुश करते है।
अपने कामयाबी का श्रेय उसने माता-पिता तथा गुरुजनों को देते हुए बताया कि परिवार के लोगों से ही उसे इस प्रवेश परीक्षा की प्रेरणा मिली। उसने अपनी खुशी का इजहार करते हुए बताया कि उसने काफी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया। उसने राजकीय बालिका विद्यालय से इंटर तक पढ़ाई की है।
वह आगे तकनीकी क्षेत्र में जाना चाहती है। देश के लिए कोई ऐसा खोज करना चाहती है जिससे उसे लोग याद रखें। सुमगुल के पिता गाजीपुर जिले के नसरत मेमोरियल स्कूल ताजपुर में शिक्षक हैं।