ददरी मेला के नंदी ग्राम पशु मेला में हर साल आयोजित होने वाला चेतक प्रतियोगिता इस बार सात नवंबर को आयोजित की गई है। इस चेतक प्रतियोगिता में अपने कला-कौशल का लोहा मनवाने के लिए सुल्तान, आर्यन, राजू, याकूत, बादल हवा से बातें करेंगे। इसके लिए दो-तीन दिन ही चेतक स्वामी और घुड़सवार अपने-अपने घोड़ों के साथ नंदी ग्राम पशु मेले में कैंप लगा चुके है।
जिले के भरथांव से आए चेतक स्वामी रामनारायण बताते हैं कि इस बार उनका चेतक आर्यन भी हवा से बातें करेगा। इसके लिए वे अपने चेतक को प्रतिदिन प्रशिक्षण दे रहें है। जबकि समस्तीपुर दलसिंह सराय के चेतक स्वामी समन चौधरी का बादल भी पूरे रौ में है। बताया कि नंदी ग्राम में लगने वाने चेतक प्रतियोगिता में करीब पांच साल से आ रहा है। जिसमें कई बार उनका चेतक रोचक मुकाबले का गवाह भी बना है। मुजफ्फरपुर के अजय राय का चेतक राजू भी इस बार अपने कला का रंग दिखाएगा। पिठली बार प्रतियोगिता के दौरान गिरने के बाद उसे दूसरे स्थान प्राप्त हुआ था। इसी प्रकार आजमगढ़ के बिलरियागंज के सलाउद्दीन का चेतक सुल्तान भी नंदी ग्राम में अपने घुड़सवार के साथ आ चुका है।
चेतक स्वामी सलाउद्दीन ने बताया इस घोड़े का घ़ुड़सवार उस्ताद है। नंदी ग्राम में हर बार उनका घोड़ा अव्वल आता रहा है। पिछले बार प्रथम आने के बाद भी खेल नीति में गड़बड़ी के चलते उसे मुकाम नहीं मिल पाया था। लेकिन इस चेतक प्रतियोगिता से लगाव होने के चलते हम अपने घोड़े को लेकर आए है। बिहार के मोतीहरी के सैयद इफ्तेखार हुसेन भी अपने दो चेतक के साथ आए हुए है। उनका मानना है कि इस बार के चेतक प्रतियोगिता में उनके याकूत हवा में परवाज करेगा। कहा कि निर्णायक मंडल अगर सही ढंग से निर्णय करे तो उसमें कोई गड़बड़ी की संभावना नहीं रह जाती है। सन 2013 में उनका चेतक अव्वल आया था।