बलिया। जनपद में शनिवार और रविवार को होने वाली पुलिस भर्ती (सब इंस्पेक्टर) परीक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन ने कमर कस ली है। 15 केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा में 6,000 से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। भारी भीड़ को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
स्टेशन अधीक्षक सुनील सिंह ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए छपरा और मऊ स्टेशनों पर स्पेशल ट्रेनें स्टैंडबाय मोड पर रखी गई हैं। जिस रूट पर परीक्षार्थियों का दबाव अधिक दिखेगा, वहां तत्काल स्पेशल ट्रेन चलाकर भीड़ को नियंत्रित किया जाएगा। स्टेशन प्रबंधन ने निर्देश दिया है कि फुटओवर ब्रिज पर भीड़ को किसी भी स्थिति में अनियंत्रित न होने दिया जाए। प्रवेश द्वारों और प्लेटफॉर्म पर तैनात जवानों को आपसी तालमेल बनाए रखने को कहा गया है, ताकि प्लेटफॉर्म पर क्षमता से अधिक भीड़ होने पर परीक्षार्थियों को गेट पर ही रोका जा सके।
परीक्षा से एक दिन पहले और एक दिन बाद तक रहने वाली भीड़ का फायदा उठाने के लिए लुटेरे और चोर सक्रिय हो सकते हैं। इसे देखते हुए आरपीएफ प्रभारी बीके सिंह ने बताया कि सुरक्षा के लिए अतिरिक्त फोर्स की मांग की गई है। प्लेटफॉर्म पर सो रहे परीक्षार्थियों और उनके सामान की सुरक्षा के लिए 24 घंटे गश्त की जाएगी। अराजकतत्वों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी जवानों की तैनाती रहेगी।