बलिया। मान्यता छह से आठ तक और पढ़ाई एक से आठ तक के बच्चों की। विद्यालय प्रबंधन की इस कारगुजारी का खुलासा मंगलवार को उस वक्त हुआ जब बेसिक शिक्षा अधिकारी मनिराम सिंह निरीक्षण के दौरान विद्यालय पर जा पहुंचे।
जिले में ऐसे अनगिनत विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जिनके पास संबंधित कक्षाओं में बच्चों को पढ़ाने के लिए विभागीय मान्यता भी नहीं है। लेकिन अब ऐसे विद्यालयों की खैर नहीं है। बीएसए ने इसके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दिया है।
शिक्षा क्षेत्र गड़वार में संचालित रमेश जूनियर हाई स्कूल गड़वार का निरीक्षण करने पहुंचे बीएसए मनिराम सिंह विद्यालय की व्यवस्था देख दंग रह गये। चार कमरों में कक्षा एक से आठ तक की कक्षाओं का संचालन होता देख बीएसए ने प्रधानाध्यापक से मान्यता की कॉपी मांगी तो कक्षा 06 से 08 तक की मान्यता की प्रति उपलब्ध कराई गई। इस पर बीएसए ने प्रबंधक/प्रधानाध्यापक को नोटिस पकड़ाते हुए जवाब तलब किया है।
नोटिस के जरिये बीएसए ने कहा कि यदि विद्यालय को कक्षा एक से कक्षा पांच तक की मान्यता प्रदान की गई हो तो उसकी प्रति अधोहस्ताक्षरी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, अन्यथा अवैध रूप से संचालित विद्यालय मान कर आपके विद्यालय के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही संपादित की जाएगी। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी गड़वार को बीएसए ने निर्देश दिया है कि यदि विद्यालय के प्रबंधक द्वारा कक्षा एक से कक्षा 5 तक के कक्षाओं का अवैध संचालन किया जा रहा है तो उसके संचालन पर तत्काल रोक लगाते हुए संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही कर अवगत कराना सुनिश्चित करें।
बिना मान्यता के संचालित स्कूल संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। - मनिराम सिंह, बीएसए, बलिया