नगर में अघोषित बिजली कटौती से क्षुब्ध सतीशचंद्र कालेज के छात्रों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। नगर में बिजली कटौती की समस्या की गंभीरता दर्शाते हुए उन्होंने इसका निराकरण दस दिन के भीतर किए जाने की मांग की। छात्र नेता आशुतोष पांडेय ने कम से कम 12 घंटे बिजली देने की मांग की। कटौती की समयसीमा तय करते हुए छह घंटे दिन तथा छह घंटे रात में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित किया जाए। पूर्व अध्यक्ष राहुल कुमार मिश्र ने कहा कि दुबहर पावर हाउस ओवरलोड के चलते बार-बार जल जाता है। इस फाल्ट को भी यथाशीघ्र सही कराया जाए। छात्रों ने कहा कि उनकी मांगें नहीं माने जाने पर वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।