जिले में छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्र राजनीति गरमा गई है। नगर के प्रमुख महाविद्यालयों में शुक्रवार को चुनाव मैदान में उतरने वाले छात्रनेता नामांकन करेंगे। नामांकन को लेकर गुरुवार को तैयारी चल रही थी। अलग-अलग छात्र गुट अपने उम्मीदवार के नामांकन को जोरदार तरीके से करने में जुट गए हैं।
नगर के कुंवर सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सतीश चंद्र कालेज, टीडी कालेज में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन की तैयारी गुरुवार को अंतिम दौर में रही। इसको लेकर कुंवर सिंह कालेज में नामांकन के लिए तीन काउंटर बनाए गए थे। वहीं छात्र-छात्राएं भी चुनाव में उतरने वाले भावी प्रत्याशियों पर चर्चा करते रहे।
कॉलेज की छात्राओं को मानना है कि छात्रसंघ का अध्यक्ष और मंत्री उसे ही चुना जाना चाहिए, जो छात्रहित में कार्य करें और माहौल बेहतर बनाए। कहा कि छात्राओं के वोट के लिए तो प्रत्याशी उत्सुक दिखते हैं लेकिन उनके हित के बारे में कोई छात्रनेता नहीं आगे आता है।
ऐसे में अब महिलाओं को चुनाव मैदान में उतरने की जरूरत है। कुंवर सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय की चुनाव अधिकारी डा. दिव्या मिश्रा ने बताया कि नामांकन की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। कालेज में कुल 2214 छात्र मतदाता है। शुक्रवार को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, कला संकाय आदि का नामाकंन होगा।
जबकि नाम वापसी 20 दिसंबर को होना है। कालेज में नामांकन के समय पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल भी तैनात रहेगी। इसी तरह नगर के सतीश चंद्र कालेज और टीडी कालेज में भी शिक्षक एवं कर्मचारी छात्रसंघ नामांकन में लगे रहे।