बलिया। जिले में 12 से 16 फरवरी तक यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 के प्रश्नपत्र पहुंच जाएंगे। पेपर पहुंचने से तीन दिन पहले जिले में स्ट्रांग रूप स्थापित कर दिया जाएगा। प्रश्नपत्रों एवं बंडल स्लिप के कार्टन वॉक्स की प्राप्ति, वितरण, रख रखाव और नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशक महेंद्र देव ने दिशा-निर्देश जारी किया है।
निदेशक ने सभी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों, मंडलीय उप शिक्षा निदेशकों व जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र जारी कर कहा है कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम के सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे क्रियाशील रखे जाएं। परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं पर चस्पा किए जाने वाले बंडल स्लिप के कार्टन बॉक्स के पहुंचने पर उनके स्ट्रांग रूम की रिकॉर्डिंग व परीक्षा अवधि में परीक्षा केंद्र के कक्ष में लगे सीसी टीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग छह माह तक सुरक्षित रखी जानी आवश्यक होगी।
प्रश्नपत्रों की प्राप्ति, उन्हें पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित स्थान पर रखवाने और जिले से संबंधित केंद्रों पर वितरित कराने का दायित्व जिला विद्यालय निरीक्षक का होगा। अपरिहार्य कारणों के चलते वांछित सामग्री निर्धारित तिथि के एक दो दिन पूर्व या बाद में भी प्राप्त हो सकती है। ऐसी स्थिति में जिला विद्यालय निरीक्षकों का जिला मुख्यालय पर उपस्थित रहना अनिवार्य है।
000
जिला मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे डीआईओएस
निदेशक ने कहा है कि परीक्षा अवधि तक अवकाश की तिथियों में भी जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) जिला मुख्यालय न छोड़ें। साथ ही प्रश्नपत्र पहुंचने के तीन दिन पहले ही कंट्रोल रूम की स्थापना करते हुए पालीवार ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित कराएं कि जिला मुख्यालय/कार्यालय पर हर समय कोई न कोई राजपत्रित अधिकारी अवश्य उपलब्ध रहे। परीक्षा अवधि में विशेष परिस्थिति में ही वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए अवकाश स्वीकृत किया जाए।
000
विशेष वाहक से नहीं पूछा जाएगा नाम-पता
प्रश्नपत्रों से संबंधित कार्टन बॉक्स और उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल के ऊपर लगाने के लिए बंडल स्लिप के कार्टन बॉक्स विशेष वाहक परिक्षेत्र/जनपद में लेकर पहुंचेंगे। उनके स्थान, नाम व पता आदि के बारे में कोई पूछताछ नहीं की जाएगी। वाहकों के पहुंचने पर अनलोडिंग का कार्य जिले में कार्यरत राजकीय कर्मचारियों से ही कराया जाएगा।
000
कोट...
बोर्ड परीक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशक के पत्र के आलोक में तैयारी को मूर्त रूप दिया जा रहा है। जल्द ही जिले में कंट्रोल रूम भी स्थापित कर लिया जाएगा, जिससे प्रायोगिक परीक्षाओं समेत लिखित परीक्षा की निगरानी की जाएगी। - बदेवेंद्र कुमार गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक।
-