बैरिया। जिलाधिकारी के आश्वासन पर कोरोना टीकाकरण और जांच में शामिल चिकित्सकों और कर्मचारियों ने सोमवार की देर शाम कार्य बहिष्कार समाप्त कर दिया और मंगलवार से पुन: टीकाकरण और कोरोना जांच में जुट गए हैं।
जिलाधिकारी अदिति सिंह ने फोन पर हमले के खिलाफ कार्य बहिष्कार करने वाले चिकित्सकों और कर्मचारियों से बातचीत की। कहा कि हम पर भरोसा रखिये, सभी आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे और उनके साथ इतनी सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति चिकित्सकों से बदसलूकी करने से पहले सौ बार सोचेगा। इसकी जानकारी देते हुए हमले में घायल डा. अमित कुमार गौतम ने बताया कि घूम-घूम कर कोरोना जांच करने वाले और टीकाकरण करने वाले हरेक टीम के साथ एक महिला पुलिसकर्मी और एक पुरुष पुलिसकर्मी की तैनाती की मांग हम लोगों ने जिलाधिकारी से की है। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया है कि टीकाकरण केंद्र पर एक महिला पुलिसकर्मी और एक पुरुष पुलिसकर्मी की तैनाती की जाएगी।
बता दें कि विगत रविवार को मधुबनी पासवान चौक पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवां के चिकित्सा टीम पॉजिटिव आने वाले व्यक्ति को ट्रेस करने और उन्हें दवा देने के साथ ही संपर्क में आने वालों का कोरोना जांच के लिए गए थे, तभी 50 से 60 लोगों ने उन पर हमला बोल दिया था और चिकित्सकों को लाठी-डंडों से पिटाई की थी। इसमें एक नामजद सहित 60 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर बैरिया पुलिस दो लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य की तलाश पुलिस कर रही है।
कोरोना से बचाव की दी जानकारी
बेल्थरारोड। कोरोना की दूसरी लहर ने विकराल रूप धारण कर नगर पंचायत क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है। नगर क्षेत्र में दिन प्रतिदिन कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या से लोग दहशत में हैं। उधर, कोरोना के संक्रमण को रोकने को लेकर प्रशासन सतर्क है। संचार माध्यमों के जरिए कोविड से बचाव के लिए लगातार प्रचार प्रसार कर लोगों को एहतियात बरतने के लिए जागरूक करने के साथ ही मास्क वितरित कर लोगों को सचेत किया जा रहा है। एसडीएम सर्वेश कुमार, तहसीलदार जीतेंद्र कुमार सिंह, उभांव थानाध्यक्ष ज्ञानेश्वर मिश्र, चौकी प्रभारी आरके सिंह द्वारा लगातार भ्रमण कर सरकारी दिशा निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।