बलिया। राजस्व न्यायालयों में लंबित मुकदमों को लेकर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक में उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और उप जिला न्यायिक अधिकारियों को मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने चेतावनी दी कि किसी न्यायालय में मुकदमे की फाइल ऑफलाइन चलती मिली तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। बैठक में धारा 34, 116, 67, 24, 144 और 35 के मुकदमों की तहसीलवार समीक्षा की गई। सिकंदरपुर तहसील में नायब तहसीलदार न्यायालय के पांच मुकदमों को तीन दिन में निस्तारित करने को कहा गया। एसडीएम न्यायालय में 121, उप जिला न्यायिक के पास 53 और तहसीलदार न्यायालय में 124 मुकदमे लंबित मिले। डीएम ने सभी का इसी माह निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिक लंबित मामलों वाले न्यायालयों में अभियान चलाने और पांच वर्ष से पुराने मुकदमों को चिह्नित कर प्राथमिकता से निस्तारित करने को कहा। अगले सप्ताह बैरिया और बेल्थरारोड तहसील की समीक्षा होगी। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।