फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ballia News: पटाखों की अवैध बिक्री और भंडारण पर होगी सख्त कार्रवाई

विज्ञापन
विज्ञापन
बलिया। दीपावली, धनतेरस और छठ पर्व समेत आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने बताया कि अवैध पटाखा कारोबारियों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने पटाखा विक्रेताओं के साथ ही आम नागरिकों के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
विज्ञापन


पुलिस के अनुसार, कोई भी दुकानदार वैध स्थायी या अस्थायी लाइसेंस और अग्निशमन विभाग की एनओसी के बिना पटाखों का भंडारण और बिक्री नहीं कर सकेगा। पटाखों की दुकानें केवल प्रशासन की ओर से निर्धारित खुले मैदानों और स्थलों पर ही लगेंगी। घनी आबादी और रिहायशी इलाकों में दुकानें लगाने पर प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा के लिहाज से दुकानों के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी रखना अनिवार्य होगा।

प्रत्येक दुकानदार को दुकान पर पानी से भरी बाल्टी, सूखी बालू और अग्निशमन यंत्र रखना होगा। पुलिस ने प्रतिबंधित और हानिकारक रसायनों से बने पटाखों के साथ अत्यधिक तेज आवाज वाले पटाखों और लड़ियों की बिक्री पर भी रोक लगाई है। केवल पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पीईएसओ) से प्रमाणित ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति होगी।
विज्ञापन


पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना लाइसेंस पटाखों का परिवहन, गोदामों में अवैध भंडारण और घनी आबादी में पटाखों का निर्माण करने वालों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी। रसड़ा और कोतवाली क्षेत्र में हाल में हुई कार्रवाई को भी इसी अभियान का हिस्सा बताया गया है।

बच्चों के साथ रहें अभिभावक

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बच्चे जब भी पटाखे या फूलझड़ी जलाएं तो उनके साथ अभिभावक जरूर मौजूद रहें। आतिशबाजी के दौरान सूती कपड़े पहनें और घरों के अंदर, संकरी गलियों, बिजली के तारों व खंभों के पास, वाहनों तथा गैस पाइपलाइन के आसपास पटाखे न जलाएं। सड़कों और मुख्य मार्गों पर आतिशबाजी करने से भी बचें, ताकि यातायात बाधित न हो और राहगीरों को परेशानी न उठानी पड़े। एहतियात के तौर पर आतिशबाजी वाले स्थान पर पानी की बाल्टी जरूर रखें। एसपी ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें