मंगलवार को आंधी और बारिश से जनपद में तबाही मच गई। कई जगह ओलावृष्टि भी हुई। नगर तथा ग्रामीण इलाकों में सैकड़ों पेड़ जड़ से उखड़ गए। पेड़ों की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। कई घर जमींदोज हो गए। बिजली के खंभे और हाईटेंशन तार गिर गए। अंधेरे के कारण दोपहर में भी वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। जगह-जगह जलजमाव हो गया।
आंधी और बारिश के कारण जगह-जगह सैकड़ों पेड़ जड़ से उखड़ गए। बिजली के खंभे, तार, पेड़ की डालियां, करकट के शेड और मड़हे गिर गए। पेड़ गिरने से कई मुख्य मार्ग तथा संपर्क मार्गों पर घंटों आवागमन बाधित रहा। गोठहुली गांव के मध्य में सड़क पर चार फीट तक पानी जमा हो गया। नगर के जिला अस्पताल, कलेक्ट्रेेट, बीएसए कार्यालय और विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में जलजमाव हो गया। सहतवार प्रतिनिधि के अनुसार वार्ड पांच निवासी नथुनी राजभर (65) की पेड़ गिरने से दबकर मौत हो गई। वह बाहर रखे उपले घर ले जा रहे थे। इसी दौरान पेड़ की चपेट में आ गए।
तहसीलदार हीरालाल, थानाध्यक्ष सहतवार सुरेश सिंह, नीरज सिंह ने पहुंचकर परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया। चांदपुर-सहतवार पेट्रोल पंप के समीप पेड़ गिरने से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। मनियर प्रतिनिधि के अनुसार अहिरौली निवासी श्यामवंती देवी (60) पत्नी हरेराम पांडेय की पेड़ की डाली टूटने से उसकी चपेट में आकर मौत हो गई। जगह-जगह पेड़, बिजली के खंभे और करकट धराशायी हो गए।
फेफना प्रतिनिधि के अनुसार आंधी और बारिश के कारण खोरीपाकड़ गांव के समीप एनएच-31 स्थित रोड पर लगा ट्रांसफार्मर आजमगढ़ डिपो की बस पर गिर पड़ा। थम्हनपुरा एवं बघेजी गांव में पेड़ गिर जाने से आवागमन घंटाें बाधित रहा। फेफना एवं कर्पूरी गांव में कई मकानों के टीन शेड एवं छप्पर उड़ गए। सागरपाली प्रतिनिधि के अनुसार आंधी और बारिश के कारण एक गुमटी पलट गई।
खलिहानों में रखे गेहूं एवं अरहर के बोझ भीग गए। नवानगर प्रतिनिधि के अनुसार आंधी के चलते सैकड़ों पेड़, बिजली के खंभे, ट्रांसफार्मर गिर गए। नगर के इंदिरा मार्केट स्थित दूकान का छज्जा गिर गया। सीएचसी सिकंदरपुर की चहारदीवारी गिर गई। थाना सिकंदरपुर परिसर में पेड़ गिरने से ट्रांसफार्मर और खंभा गिर गया।
पीएचसी पंदह के परिसर में पेड़ गिर गया। रसड़ा प्रतिनिधि के अनुसार तहसील क्षेत्र में सैकड़ों पेड़, करकट एवं बिजली के खंभे गिर गए। महावीर अखाड़ा निवासी सभासद शिवजी सिंह के मकान पर लगा करकट क्षतिग्रस्त हो गया। रसड़ा तहसीलदार बंगला के सामने नीम का पेड़ गिर गया। विशुनपुरा प्रतिनिधि के अनुसार बिजली गिरने से बढ़वलिया ग्राम निवासी बृजनाथ और काशीनाथ की भैंस की मौत हो गई।
बेल्थरारोड प्रतिनिधि के अनुसार वर्षा से किसानों की बेचैनी बढ़ गई। हनुमानगंज प्रतिनिधि के अनुसार विभिन्न स्थानों पर पेड़, बिजली के खंभे और करकट गिर गए। ब्रम्हइन गांव में घर पर पेड़ गिरने से एक महिला सहित दो लोग घायल हो गए। खेजुरी प्रतिनिधि के अनुसार आंधी और बारिश के कारण बलिया-सिकंदरपुर मार्ग स्थित खेजुरी के समीप दो पेड़ गिर गए। सुखपुरा प्रतिनिधि के अनुसार सोबईबांध गांव में एक मकान पर पेड़ गिर जाने से एक पड़िया की मौत हो गई। बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।