बैरिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर आबकारी टीम के साथ एसडीएम बैरिया ने अंग्रेजी मदिरा की दुकानों की बुधवार की देर शाम जांच की। रानीगंज पुल के निकट स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर स्टाक कम मिलने पर नाराजगी जताई। कहा कि इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। मामले में कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद उपजिलाधिकारी आत्रेय मिश्रा ने बताया कि दुकान पर स्टॉक के अनुसार 375 एमएल की 2639 बोतलें होनी चाहिए, लेकिन मौके पर 2467 बोतल का स्टाक पाया गया। 172 बोतल स्टॉक से कम मिलीं। वहीं बैरिया स्थित दुकान पर रेट लिस्ट मानक के अनिरूप नहीं मिला। इस संबंध में उचित कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है। अन्य दुकानों पर भी कई तरह की अनियमितता मिली है। उपजिलाधिकारी से पूछा गया कि क्या बड़े पैमाने पर इन्हीं शराब की दुकानों से शराब बिहार को भेजी जा रही है? तो उन्होंने कहा कि इसकी भी जांच शीघ्र कराऊंगा। उपजिलाधिकारी के साथ क्षेत्राधिकारी बैरिया अशोक कुमार मिश्र, एसएचओ धर्मवीर सिंह, आबकारी निरीक्षक निर्मल कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।