एसटीएफ द्वारा पकड़ा गया 50 हजार रुपये का इनामी पशु तस्करी के आरोपी युवक। पुलिस विभाग
बैरिया (बलिया)। एसटीएफ लखनऊ व बैरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने पशु तस्करी के आरोपी व 50 हजार रुपये के इनामी अंकुश यादव को जौनपुर के शाहगंज से बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि दिसंबर वर्ष 2025 में राष्ट्रीय राजमार्ग 31 मांझी घाट पर तस्करी के लिए पशुओं को क्रूरतापूर्वक ट्रक में लाद कर बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया था। चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में पशु तस्कर अमित यादव के पैर में गोली लगी थी। अन्य भाग गए थे। अमित से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 17 दिसंबर को पशु क्रूरता अधिनियम के तहत बैरिया थाने में छह आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की थी। एसपी ने आरोपी पर पचास हजार का इनाम घोषित किया था। एसटीएफ के उपनिरीक्षक जावेद आलम ने संयुक्त टीम के साथ शाहगंज रामलीला मैदान गेट के सामने जनसेवा केंद्र के पास से अंकुश यादव निवासी राजापुर पोस्ट हुबीगंज थाना दीदारगंज आजमगढ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि ट्रक उसी के नाम से है। घटना के दिन रामबुझ यादव निवासी कोहड़ा थाना शाहगंज जौनपुर चला रहा था। अंकुश पर आजमगढ़ के दो थानाक्षेत्रों में प्राथमिकी दर्ज है। आरोपी का ट्रक बैरिया थाने में है।