घोघा। बलुआ गांव के खेल मैदान पर सोमवार को ब्रह्म बाबा कबडडी प्रतियोगिता के उदघाटन मैच में हुसेनाबाद की टीम ने केवटलिया कलां गांव की टीम को चार अंको से हराकर उदघाटन मैच जीता। मुख्य अतिथि पूर्व ब्लाक प्रमुख उमाशंकर पाठक ने फीता काटकर व खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का उदघाटन किया। उदघाटन मैच में हुसैनाबाद की टीम ने अच्छे खेल का प्रर्दशन करते हुए पहले हाफ में ही पांच अंकों से बढ़त हासिल की। खिलाड़ियों ने बेहतरीन रेड लगाकर कुल 46 अंक प्राप्त किया। जबकि केवटलिया की टीम 42 अंक ही प्राप्त कर सकी। हुसेनाबाद की टीम के खिलाड़ी अमित मिश्रा ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 16 अंक टीम के खाते में दर्ज कराते हुए मैन आफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। मुख्य अतिथि उमाशंकर पाठक ने कहा कि गांवो के खेल से युवाओं की प्रतिभा का प्रर्दशन होने के साथ ही गांवों में आपसी एकता व भाईचारा मजबूत होता है। उन्होने युवाओं से खेल के साथ ही पढ़ाई पर भी लगन व मेहनत करने को कहा। आयोजकों ने मुख्य अतिथि व अन्य लोगों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर रामेश्वर तिवारी, धनजी पांडेय, मालिक साहनी, राजेश सिंह, राकेश राजभर, श्री नाथ राजभर, शंकर साहनी आदि थे।