बलिया। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल बुद्धवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिला और पूर्व में दिए मांग पत्र का स्मरण दिलाते हुए पुन: वार्ता किया। जिस पर बीएसए शिव नारायण सिंह ने कुछ मांगें पूरी हो गई है। शेष को पूर्ण करने की प्रक्रिया गतिमान है।
वार्ता के दौरान बीएसए ने बताया की बच्चों के ड्रेस का 75 प्रतिशत धनराशि विद्यालयों को प्रेषित की जा रही है। कहा कि सभी प्रधानाध्यापक सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए दस-दस की संख्या में बच्चों को विद्यालय पर बुलाकर ड्रेस वितरित करें। बताया कि बच्चों को दी जाने वाली नि:शुल्क पुस्तकों को विद्यालय तक पहुंचाने के संदर्भ में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। कायाकल्प योजना के बारे में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप इसको संतृप्त कराया जाना अत्यंत आवश्यक है। इस कार्य में प्रधानाध्यापक भी अपने प्रधान से बात करके कार्य कराने का प्रयास करें। इस कार्य की पूरी जिम्मेदारी संबंधित ग्राम प्रधान की है। प्रतिनिधिमंडल में विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिला संयोजक राजेश सिंह, कार्यवाहक जिला अध्यक्ष राजेश सिंह, जिला महामंत्री अनिल कुमार वर्मा, धर्मेंद्र गुप्ता प्रमुख रहें।