बलिया। नरही अवैध वसूली कांड की जांच जारी है। मामले में 20 आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद एसपी के गोपनीय स्टेनो मोहमद हबीब पर गाज गिरी है। वसूली कांड में संलिप्तता मिलने पर मोहम्मद हबीब को निलंबित कर दिया गया है।
वहीं, दूसरी तरफ एसपी ने स्वाट टीम को भंग कर इसमें शामिल प्रभारी समेत सभी को लाइन हाजिर कर दिया है। सर्विलांस सेल में तैनात राकेश यादव को भी लाइन हाजिर कर दिया है। उच्चाधिकारियों के लगातार कार्रवाई से विभाग में खलबली मची है। हालांकि विभाग का कहना है कि कार्य में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की गई है।
यूपी-बिहार के बॉर्डर नरही थाना क्षेत्र के भरौली गोलंबर पर ट्रकों से अवैध वसूली मामले में एडीजी जोन वाराणसी व डीआईजी आजमगढ़ की कार्रवाई के बाद चल रही जांच में संलिप्त मिलने वालों पर कार्रवाई की तलवार चल रही है। अधिकारियों के अनुसार अभी कई जद में आएंगे। इसको लेकर जिम्मेदारों में भय बना हुआ है। विभाग के अंदर पूरे दिन कार्रवाई की चर्चा चल रही है।
मामले की जांच कर रहे सहायक पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि जांच में हबीब का नाम सामने आया है, लेकिन अभी पुष्टी नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार पुलिस विभाग में स्टेनो व कारखास के माध्यम से उच्चाधिकारी तक पैसा पहुंचता है। स्वाट टीम की ओर से पिछले काफी दिनों से बड़ी कार्रवाई न करने व लंबे समय से जमे जवानों की भूमिका तस्करी व अवैध वसूली में संलिप्त मिलने पर पूरी टीम को भंग कर लाइन हाजिर कर दिया है।
इन पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक विक्रांत सिंह ने शुक्रवार की देर रात स्वाट टीम को भंग कर दिया। स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक कौशल पाठक, मुख्य आरक्षी जसवीर, लवकेश पाठक, महेश कुमार, श्याम कुमार, शशीभूषण, मंजीत कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं दूसरी तरफ लंबे समय से सर्विलांस में तैनात राकेश यादव को लाइन हाजिर कर दिया है।
-
सात पुलिसकर्मियों को मिली नई तैनातीएसपी विक्रांत वीर ने तीन महिला आरक्षी व तीन पुलिसकर्मियों को नवीन तैनाती दी है। वही एक आरक्षी को लाइन जाना पड़ा है। मुख्य आरक्षी संजीव कुमार को लाइन से दोकटी, महिला आरक्षी रूबी त्रिपाठी को लाइन से थाना रसड़ा, निशा राय को रसड़ा से थाना फेफना, शुभम तिवारी को फेफना से डीसीआरबी, मुख्य आरक्षी देवेंद्र सरोज को लाइन से नरही स्थानांतरण निरस्त कर सर्विलांस सेल, मुख्य आरक्षी राकेश कुमार को सर्विलांस सेल से पुलिस लाइन तथा महिला आरक्षी बीनू सिंह को पुलिस लाइन से जनसूचना सेल स्थानांतरित किया गया है।
-
कार्य में लापरवाही मिलने पर स्टोनो को निलंबित कर दिया गया। स्वाट टीम व सर्विलांस टीम पर भी लापरवाही में कार्रवाई हुई है। -विक्रांत सिंह, एसपी।