बैरिया। कटान पीड़ितों का हाल जानने रविवार को गोपाल नगर टाड़ी पहुंचे सपा सांसद सनातन पांडेय को लोगों के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा। पीड़ितों ने सांसद पर उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी का आरोप लगाया।
सांसद ने लोगों को समझाने का प्रयास किया कि कटान की समस्या पर लगातार नजर है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में भी उन्होंने यह मुद्दा उठाया है और अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। उनका प्रयास है कि दियरांचल को कटान की समस्या से पूरी तरह मुक्ति मिले। हालांकि, पीड़ित उनकी बातों से संतुष्ट नजर नहीं आए। कुछ लोगों ने सवाल किया कि जो लोग किसी पद पर नहीं हैं, वे भी क्षेत्र में राहत सामग्री लेकर पहुंचकर वितरण कर रहे हैं, लेकिन सांसद की ओर से अब तक क्या किया गया। इस पर सांसद ने हंसते हुए कहा कि वह भी राहत सामग्री लेकर आए हैं और आगे भी जो संभव होगा, क्षेत्र के लोगों के लिए करेंगे। संवाद