जनपद में करीब 10 दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस लाइन आवास, कोतवाली, जापलिनगंज चौकी, 112 नंबर कार्यालय, वीर लोरिक स्टेडियम, समेत शहर के आधे दर्जन से अधिक मोहल्लों में बरसात का पानी घुटने भर लग गया है। पानी लगने के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
नगर के काजीपुरा मोहल्ला, आवास विकास कालोनी, आनंद नगर कालोनी, टैगोर नगर, श्रीराम विहार कालोनी, जापलिनगंज से लेकर सतीश चंद्र कालेज चौराहा तक, जापलिनगंज चौकी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस लाइन आवास, कोतवाली, जापलिनगंज चौकी, 112 नंबर कार्यालय, वीर लोरिक स्टेडियम में बरसात का पानी लग जाने के कारण लोगों को घर व आफिस आना जाना मुश्किल हो गया है। यह दंश आफिस व नगर के मोहल्ले के लोग वर्ष 2019 से झेलते आ रहे है, लेकिन इसका कोई स्थाई समाधान अब तक नहीं हो सका है। इस समस्या को लेकर तत्कालीन जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही व सीडीओ विपिन जैन ने गंभीर हुए तो कटहल नाले से लेकर एनसीसी तिराहा तक नाला बनाने की कवायद आरम्भ की गई। इसके लिए नगर पालिका द्वारा टेंडर भी किया गया है। जिसे पीडब्लूडी निर्माण खंड ने निर्माण करने के लिए टेंडर लिया। लेकिन यह नाला कटहल नाले से आरम्भ होकर पुलिस अधीक्षक आवास तक किसी तरह पहुंच सका है। जबकि कार्यदाई संस्था को अभी काफी दूरी तय करनी है। बता दे कि बरसात के दिनों में नगर के विभिन्न मोहल्ले के लोगों के घरों में नाली का पानी अंदर प्रवेश कर जाता है। जिसके कारण लोग अपने आशियाने को लेकर प्रथम तल पर जाने को मजबूर हो जाते है। इस वर्ष भी करीब 10 दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद लोगों के सड़क, गली व घरों में नाले का गंदा पानी प्रवेश कर गया है। इस दौरान सबसे बुराहाल काजीपुरा, श्रीराम विहार कालोनी, आवास विकास कालोनी, पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिसकर्मियों का है। जिन्हें अगर कुछ सामान लेना है तो गंदे पानी से होकर जाना पड़ रहा है। जबकि अभी असली बरसात तो अभी बाकी है।