बलिया। शहर रेलवे स्टेशन से चोरी हुई महिंद्रा पिकअप गाड़ी के मिलने पर वाहन स्वामी द्वारा फोन करने पर ओक्डेनगंज चौकी प्रभारी द्वारा नहीं उठाना महंगा पड़ गया। प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने लाइन हाजिर कर दिया।
दुबहड़ गांव निवासी बृजलाल यादव पुत्र स्व. सियाराम यादव की पिकअप गाड़ी 28 दिसंबर को बलिया रेलवे स्टेशन के पास खड़ी थी, जिसे उचक्कों ने गायब कर दिया था। शुक्रवार की दोपहर में फेफना तिराहे से पिकअप गाड़ी जैसे ही चितबड़ागांव की तरफ बढ़ी एक चालक ने गाड़ी को पहचान लिया और इसकी सूचना बृजलाल यादव को दी। जिसके बाद गाड़ी मालिक ने इसकी तत्काल सूचना पुलिस अधीक्षक को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थानों को सूचित किया। जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर पिकअप को धर दबोचा।