रसड़ा। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के टीकादेवरी गांव में मंगलवार की सुबह भूमि विवाद में छोटे पुत्र ने वृद्ध पिता पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन घायल को चिलकहर अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी पुत्र को हिरासत में ले लिया है।टीका देवरी निवासी बलराम तिवारी (75) के छोटे पुत्र सुनील तिवारी से जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद है। एक वर्ष पहले रिश्तेदारों के बीच में जमीन के लिए पंचायत भी हुई थी। जमीन को लेकर मंगलवार को पिता-पुत्र आपस में भिड़ गए। सुनील तिवारी ने धारदार हथियार से बलराम तिवारी पर हमला कर दिया। चेहरे और सिर में चोट लगने से बलराम बेहोश होकर गिर गए। पुलिस ने आरोपी सुनील तिवारी को हिरासत में ले लिया। बलराम तिवारी अपने बड़े पुत्र ओमप्रकाश के परिवार के साथ रहते थे। चितबड़ागांव थाना प्रभारी निरीक्षक निहार नंदन कुमार ने बताया कि अभियुक्त को हिरासत में लिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।