नरहीं। उत्तर प्रदेश और बिहार की मजबूत कनेक्टिविटी के लिए गंगा नदी पर भरौली-बक्सर के बीच प्रस्तावित तीसरे तीन लेन पुल बनाने की पहली प्रक्रिया शुरू हो गई है। भरौली गोलंबर पर गंगा नदी में और तट पर पिलरों के लिए 180 फीट की मिट्टी की खोदाई कर मिट्टी के नमूने लिए जा रहे हैं। इसको दिल्ली में परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद पुल का डिजाइन तैयार किया जाएगा। जुलाई से पुल का निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो जाएगा।
इस एलिवेटेड पुल रोड की टेंडर की प्रक्रिया 28 फरवरी को पूरी कर ली गई थी। इसको एएससी इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने लिया है, जिसकी लागत 368 करोड़ है। तीन लेन के एलिवेटेड रोड पुल की लंबाई 3.3 किलोमीटर होगी। नए पुल का निर्माण पुराना दो लेन के पुल वीर कुंवर सिंह सेतु से सटकर दक्षिण में होगा। तीन लेन के नए पुल के निर्माण में उत्तर प्रदेश के भरौली छोर पर ए ग्रेड रोटरी यानी जमीन की सतह से ऊपर एक गोलंबर का निर्माण किया जाएगा। वाहन इस गोलंबर को पार करते हुए आगे जाकर उतरेंगे। नया पुल भी बक्सर में इस रोटरी से जुड़ेगा।
एनएच की नई डिजाइन में यूपी छोर के भरौली गोलंबर के ठीक ऊपर पटना के आर ब्लॉक या जीपीओ गोलंबर की तरह ऊपर भी एक रोटरी यानि गोलंबर बनेगा। नई डिजाइन में गाजीपुर, बलिया या करीमुद्दीनपुर की ओर से आने वाले वाहन भरौली गोलंबर से पहले ही एलिवेटेड रोड पर चढ़ जाएंगे। इसके बाद भरौली में बनने वाले ऊपरी गोलंबर से होकर सीधे गंगा पुल पर पहुंच जाएंगे।
इससे भरौली गोलंबर पर जाम की समस्या खत्म होगी और आसपास के ग्रामीणों को सुविधा होगी। इस बदलाव के बाद गंगा पर बने दूसरे पुल के यूपी छोर का संपर्क मार्ग भी पूरी तरह एलिवेटेड हो जाएगा। सतह पर बने मौजूदा संपर्क मार्ग की उपयोगिता भी समाप्त हो जाएगी। तीसरे पुल का संपर्क मार्ग भी एलिवेटेड होगा जो पहले पुल के संपर्क मार्ग के ठीक ऊपर से गुजरेगा। भरौली गोलंबर गंगा नदी के किनारों पर खोदाई करने वाले टीम के सुपरवाइजर संजय कुमार ने बताया कि मिट्टी परीक्षण के कार्य में 20 कर्मचारी लगे हैं। 180 फीट तक खोदाई कर मिट्टी के नमूने लिए जा रहे हैं, जिसकी जांच दिल्ली में होगी। एलिवेटेड रोड पुल में कुल 40 से 45 पिलर के लिए सैंपल लिए जाएंगे। बिहार एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि टेंडर की प्रक्रिया 28 फरवरी को पूरी कर ली गई थी। अब मिट्टी परीक्षण का कार्य शुरू चुका है। इसके बाद पुल का डिजाइन तैयार किया जाएगा जुलाई से पुल निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना है।