फेफना। थाना क्षेत्र के थम्हनपुरा गांव में शनिवार भोर घर में रखी मिर्च की डाली में छिपे सांप के डसने से चंद्रशेखर साहनी (50) की हालत गंभीर हो गई। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया।
दूरी कम होने के कारण परिजन उन्हें मऊ के फातिमा अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। उनकी हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। चंद्रशेखर की बेटी निशा ने बताया कि शनिवार भोर में उनके पिता उठने के लिए घर में रखी मिर्च की डाली के पास गए थे। इसी दौरान परिजनों की नजर उसमें छिपे सांप पर पड़ी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, सांप ने चंद्रशेखर को डस लिया। ग्रामीणों के अनुसार चंद्रशेखर साहनी मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। अचानक हुई इस घटना से इलाज के खर्च के साथ परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है। संवाद