शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अंधाधुंध बिजली कटौती ने लोगों की नींद को मुश्किल में डाल दिया है। कटौती का असर रात में अधिक देखने को मिल रहा है। थके मांदे लोग कटौती के चलते सो नहीं पा रहे। मनमानी बिजली आपूर्ति से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। उधर विभाग की मानें तो वह तीन घंटे की कटौती की बात कह कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहा है।
जिले में आर्द्रता बढने के कारण पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। ऐसे में बिजली की अंधाधुंध कटौती उन्हें कहीं का नहीं छोउ़ रही है। बिजली की आपूर्ति के लिए शासन की ओर से रोस्टर का निर्धारण भी किया गया है लेकिन किसी भी इलाके में रोस्टर नाम की चीज नहीं रह गई है। खासकर रात की कटौती से लोग अनिंद्रा का शिकार हो रहे। शहर के बड़ा गड़हा मुहल्ला निवासी अरविंद कुमार ने बताया कि खासकर रात की कटौती ने मुश्किल पैदा कर दिया है।
सोहांव ब्लाक के भरौली गांव निवासी बच्चा जी राय ने कहा कि करीब एक पखवारे से बिजली की आपूर्ति पूरी तरह बेपटरी है और खासकर आधी रात की कटौती बेहाल कर रही है। बिजली की आपूर्ति के लिए भले ही रोस्टर का निर्धारण किया गया हो लेकिन इसका कोई असर जिले में नहीं है। शहर की आपूर्ति को देखें तो बीते 24 घंटे में 15 घंटे की आपूर्ति की गई है।