बलिया। परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में पंजीकृत विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर के आकलन के लिए 15 व 16 सितंबर को निपुण एसेसमेंट टेस्ट (नेट) होगा। 90 मिनट की यह लर्निंग आउटकम परीक्षा ओएमआर सीट पर ली जाएगी। परीक्षा के बाद ओएमआर सीट को सरल एप पर स्कैन किया जाएगा। इससे तत्काल रिजल्ट भी पता चल जाएगा।
बेसिक शिक्षा विभाग जिले में 1,598 प्राथमिक, 259 उच्च प्राथमिक व 392 कंपोजिट व 16 कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल का संचालन करता है। इन विद्यालयों में तीन लाख से अधिक विद्यार्थी पंजीकृत हैं। 15 सितंबर को कक्षा एक से तीन, 16 सितंबर को कक्षा चार से आठ तक के विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर का आंकलन करने के लिए निपुण एसेसमेंट टेस्ट (नेट) आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों की ओएमआर सीट पर नौ अंक की स्टूडेंट आईडी के साथ क्रमवार मौखिक रूप से प्रश्न पूछने के बाद उत्तर शिक्षक स्वयं ओएमआर सीट पर भरेंगे।
राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय की ओर से प्राप्त निर्देशों के अनुसार आगामी 15 व 16 सितंबर को त्रैमासिक आकलन परीक्षा की तैयारियां की जा रही हैं। परीक्षा की शुचिता कायम रहे इसके लिए अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। -मनीष सिंह, बीएसए