बैरिया-टेंगरही होते हुए संसार टोला जाने वाले मार्ग पर डाली गई गिट्टी और मिट्टी।
- फोटो : BALLIA
बलिया। शासन की ओर से छह अधूरे मार्गों के निर्माण को पूरा करने के लिए खजाने का मुंह खोल दिया गया है। इसमें टेंगरही से जय प्रकाश नगर तक बन रहे ओडीआर मार्ग के लिए एक मुश्त 10.62 करोड़ की धनराशि दी गई है । वहीं, सिधागर घाट-पकवाइनार-चंद्रवार-सोनापाली मार्ग, पकवाइनार-चंद्रवार-राघोपुर-सिसवार-खनवर, नगरा-बरौली मार्ग के कुरेजी से चिलकहर ब्लाक तक, बकुल्हा रेलवे लाइन से चांद दियर पुलिस चौकी होते हए जेपीनगर तक,एनएच 31 के नरही से बासुदेवा-कारो मार्ग के लिए 21.11 करोड़ की धनराशि दी गई है।
संपूर्ण क्रांति के प्रणेता जयप्रकाश नारायण के पैतृक गांव सिताबदियारा को जाने वाली सड़क टेंगरही से जयप्रकाश नगर कायाकल्प नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अक्तूबर 2021 में त्वरित आर्थिक विकास योयजना के तहत टेंगरही से जयप्रकाश नगर अन्य जिला मार्ग के निर्माण के लिए 46.51 करोड़ की परियोजना को स्वीकृत करते हुए पहले किस्त में एक करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई थी। सड़क के चौड़ीकरण का कार्य शुरू तो हुआ, लेकिन कुछ दूरी में पिचिंग कर और कुछ दूरी में गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया। कुछ दूरी तक सड़क की खोदईकर उसे वैसे ही छोड़ दिया गया। धनाभाव में काम बंद होने से क्षेत्र के दर्जनों गांव के हजारों की आबादी के आवागमन में असुविधा हो रही है। अब शासन की ओर से 10.62 करोड़ की धनराशि और दी गई है। इससे निर्माण गति पकड़ने की उम्मीद है। रसड़ा में सिधागर घाट-पकवाइनार-चंद्रवार-सोनापाली अन्य जिला मार्ग के 4.60 किमी हिस्से का निर्माण 9.64 करोड़ की लागत से होना है। पहली किस्त में मात्र 2.34 करोड़ की धनराशि मिलने से काम अधूरा पड़ा था। अब इस मार्ग के लिए 4.82 करोड़ की धनराशि और दी गई है। पकवाइनार चंद्रवार-राघोपुर-सिसवार-खनवर अन्य जिला मार्ग का निर्माण 17.74 करोड़ की लागत से शुरू किया गया था। पहली किस्त की धनराशि 4.93 करोड़ खर्च होने के बाद धनाभाव में काम बंद था। राघोपुर से खनवर क सड़क जर्जर हो गई है। राघोपुर से सिसवा अनुसूचित बस्ती तक दो किलोमीटर तक गिट्टी डालकर छोड़ दी गई है। थोड़ी सी बरसात में पैदल चलना भी दुश्वार हो जाता है। इसे गति देने के लिए 4.42 करोड़ की धनराशि और दी गई है। नगरा-बरौली मुख्य जिला मार्ग के कुरेजी से चिलकहर ब्लाक तक अन्य जिला मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 8.44 करोड़ की परियोजना स्वीकृत कर पहली किस्त में 2.61 करोड़ की धनराशि दी गई थी। इससे गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया था। आए दिन इस मार्ग पर चलने वाले लोग चोटिल हो रहे थे। अब इस मार्ग के लिए 4.20 करोड़ की धनराशि और दी गई है। इसी तरीके से बकुल्हा रेलवे लाइन से चांद दियर पुलिस चौकी होते हुए जयप्रकाश नगर 12.30 किमी लंबे मार्ग के लिए 24.73 करोड़ की परियोजना स्वीकृत की गई थी। पहली किस्त में 9.88 करोड़ की धनराशि मिली थी। धनाभाव में कार्य अधूरा पड़ा था। मार्ग के लिए 6.15 करोड़ की धनराशि दी गई है। एनएच-31 से नरही-वासुदेवा-कारो 6.50 अन्य जिला मार्ग के लिए 10.22 करोड़ की परियोजना को स्वीकृति देते हुए पहली किस्त में 8.16 करोड़ की धनराशि दी गई थी। परियोजना के लिए 1.49 करोड़ और जारी कर दिए गए हैं। इससे कार्य जल्द खत्म होने की उम्मीद है।
किस सड़क पर कितना जारी
सिधागर घाट-पकवाइनार-चंद्रवार-सोनापाली मार्ग-4.82 करोड़
पकवाइनार-चंद्रवार-राघोपुर-सिसवार-खनवर-4.42 करोड़
नगरा-बरौली मार्ग के कुरेजी से चिलकहर ब्लाक तक-4.20
बकुल्हा रेलवे लाइन से चांद दियर पुलिस चौकी होते हए जेपीनगर तक-6.15 करोड़
एनएच 31 के नरही से बासुदेवा-कारो मार्ग-1.49 करोड़
टेंगरही से जय प्रकाश नगर तक-10.62 करोड़