बलिया। साहब, दोनों आंखों से नहीं दिखता, मेरी पेंशन दिलवा दीजिए। दो साल पहले तक मुझे पेंशन मिलती थी, उसके बाद से अब नहीं मिल रही है। बैरिया विकास खंड के चेताछपरा निवासी अमर देव राम ने सदर तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी से गुहार लगाते हुए ये बातें कहीं। इस पर जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल पेंशन दिलाने का निर्देश दिया।
सदर तहसील परिसर में जिलाधिकारी अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। समाधान दिवस पर कुल 175 मामले प्रस्तुत किए गए, जिसमें 11 मामलों को जिलाधिकारी ने मौके पर निस्तारित किया। शेष को संबंधित अधिकारियों को समय से निस्तारित करने का आदेश दिया। संपूर्ण समाधान दिवस में अवैध भूमि कब्जा, जमीन वरासत, शौचालय, जाति प्रमाण पत्र, वृद्धा पेंशन और राशन कार्ड से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। सबसे अधिक मामले भूमि विवाद से जुड़े रहे।
जिलाधिकारी ने ऐसे मामलों में राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर त्वरित निस्तारण कराने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता ने विकास खंड दुबहर के ग्राम शिवपुर में एक वृद्ध व्यक्ति की पेंशन को गलत तरीके से मृत्यु दर्शाकर बंद किए जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को मामले की जांच कराने और दोषी अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विकास खंड सोहांव के ग्राम सुरही में पंचायत भवन निर्माण को कुछ ग्रामीणों द्वारा रोके जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित बीडीओ को मौके पर जाकर तत्काल समाधान कराने को कहा। वहीं, फेफना क्षेत्र में नहर से पानी आने के कारण फसल नष्ट होने की शिकायत पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को स्थल निरीक्षण कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि थाना स्तर से संबंधित मामलों के समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। इस मौके पर एसडीएम सदर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश, वन विभाग के अधिकारी, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विजय यादव, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता केशरी प्रसाद आदि रहे।
फरियादियों की प्रतिक्रिया:
- संपूर्ण समाधान दिवस पर रुपवार भगवानपुर निवासी विजय बहादुर यादव ने बताया कि पैतृक भूमि पर वरासत के लिए लगभग दो वर्ष पहले आवदेन कर चुका हूं। लेकिन हमारी फाइल तहसीलदार न्यायालय से गायब हो चुकी है। चार बार संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियाद कर चुका हूं। इसके बाद भी मामले में अब तक न्याय नहीं मिल सका।
...................
- बैरिया विकास खंड के चेता छपरा गांव निवासी अमरदेव राम ने बताया कि दोनों आंख से नहीं दिखता है। दो वर्ष पहले हमें पेंशन मिलती थी। इसके बाद भी कागजी कार्रवाई के नाम पर हमारी पेंशन बंद कर दी गई है। पेंशन फिर से चालू कराने के लिए विकास भवन स्थित समाज कल्याण विभाग में कई बार गुहार लगा चुका हूं। आज डीएम से आश्वासन मिलने के बाद उम्मीद है कि पेंशन चालू हो जाएगी।
- सोहांव विकास खंड के कोरंटाडीह गांव निवासी विनय राय ने बताया कि गांव में एक परिवार ने हमारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। इसके मैं थाना समाधान सहित संपूर्ण समाधान दिवस पर वर्ष 2021 से चक्कर लगा रहा हूं। इसके बाद भी अब तक हमें न्याय नहीं मिला।
- दुबहर विकास खंड के शिवपुर गरीबा डेरा निवासी मदन शर्मा ने बताया कि गांव के एक परिवार के लोगों ने हमारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। जब भी उनसे कब्जा हटाने की बात करता हूं तो मारपीट करने पर आमादा हो जाते हैं। पांच बार संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियाद कर चुका हूं। इसके बाद भी न्याय नहीं मिल सका।
इनसेट...
12 मामलों में से सिर्फ एक का निस्तारण
बैरिया। तहसील परिसर में समाधान दिवस पर कुल 12 मामले प्रस्तुत किए गए, जिसमें से मात्र एक मामले का निस्तारण मौके पर किया गया। राम जन्म केसरी निवासी दलन छपरा ने भूमि विवाद का मामला प्रस्तुत किया। भगवानपुर निवासी श्री भगवान यादव ने प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर के जमीन पर अवैध कब्जे का मामला उठाया। रीमा विनोद शाह निवासी गंगौली ने विधवा पेंशन बंद होने का मामला उठाया। शिवपुर उर्फ करण छपरा निवासी जितेंद्र सिंह उर्फ हाथी ने बीएलओ द्वारा दूसरे ग्राम पंचायत के लोगों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने का मामला उठाया। धतूरी टोला, श्रीपतपुर, इब्राहिमाबाद, गोपाल नगर के फरियादियों ने भूमि विवाद का मामला उठाया। कुल 12 मामले आए। इस मौके पर तहसीलदार बैरिया धर्मेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार दीपक सिंह, नायब तहसीलदार अनिल यादव आदि रहे।
26 में से एक का भी नहीं हुआ निपटारा
सिकंदरपुर। तहसील सभागार में सोमवार को एसडीएम सुनील कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस पर कुल 26 मामले प्रस्तुत किए गए। इसमें से एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका। जितेश वर्मा ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर नगर पंचायत क्षेत्र में कंबल वितरण नहीं होने का मुद्दा उठाया। उपजिलाधिकारी सुनील कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रार्थना पत्रों का समय से निपटारा करने का निर्देश दिया। इस मौके पर नायब तहसीलदार दुर्गेश कुमार के साथ तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।