नगर पंचायत चितबड़ागांव में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के मानदेय को लेकर विवाद थमता दिखाई नहीं दे रहा है। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने सोमवार को कंपनी श्री माधव बाबा इंटरप्राइजेज की मनमानी के खिलाफ और मानदेय की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। ठेकेदार आवास का घेराव किया।
नगरपंचायत चितबडागांव में ईओ के प्रशासकीय कार्यकाल में नगरपंचायत यी साफ़-सफाई आदि कार्यों के लिए जेम पोर्टल से फ़र्म श्री माधव बाबा इन्टर प्राइजेज को 11 माह के लिए काम दिया था। इसको पुनः तीन माह तक के लिए बढ़ाया गया था, जो 15 नवंबर 2023 को समाप्त हो चुका है। बिना कार्यकाल बढ़ाए ही अबतक बिना मानदेय के आउटसोर्सिंग कर्मचारी काम कर रहे थे। लगातार तीन माह से बकाया मानदेय को लेकर गुस्साए कर्मचारियों ने कार्यदायी फ़र्म पर मनमानी का आरोप लगाकर और मानदेय को लेकर काम बंद कर दिया है। फ़र्म पर ईपीएफ का भुगतान भी न करने का आरोप लगाया है। भुगतान नहीं होने से आक्रोशित कर्मचारियों ने सोमवार को ठेकेदार के आवास का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। ठेकेदार को चेताया कि दो दिन के अन्दर बकाया मानदेय का भुगतान नहीं हुआ तो आवास पर धरना प्रदर्शन व आमरण अनशन करने के लिए बाध्य होंगे। आउटसोर्सिंग कर्मचारी दो फरवरी से कार्य-बहिष्कार पर हैं। इससे नगरपंचायत में साफ़ सफाई व्यवस्था चरमराई गई है। इस मौके पर अरविंद कुमार, संदीप कुमार,राजू सिंह, बृजेश सिंह, राकेश कुमार गुप्ता, अक्षय कुमार तिवारी, हरेन्द वर्मा, दुर्गेश आदि थे। इस बाबत कार्यदायी फ़र्म के प्रोपराइटर को बार बार फोन करने के बाद फोन रिसीव नहीं किया गया। यही हाल ईओ का रहा।