बलिया जिले के नगरा थाने के भीतर सोमवार की सुबह सुलह-समझौते के लिए आए अमित यादव ने एसआई दिनेश यादव पर हाथ उठा दिया। आरोप है कि अमित मोबाइल से वीडियो बना रहा था। एसआई ने रोका तो उन्हें थप्पड़ मार दिया। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्र के जेठवार गांव निवासी अमित यादव और संतोष राजभर के बीच मकान का छज्जा निकालने का पुराना विवाद है। संतोष राजभर के छज्जा निर्माण कराने पर अमित यादव ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। इसी मामले में दोनों पक्षों को बातचीत और निस्तारण के लिए सोमवार को नगरा थाने बुलाया गया था।
थाने में पंचायत और बातचीत की प्रक्रिया चल रही थी तभी अमित यादव अपने मोबाइल से पूरी प्रक्रिया का वीडियो रिकॉर्ड करने लगा। मौके पर मौजूद एसआई दिनेश यादव ने थाने के भीतर वीडियो बनाने से मना किया। इससे अमित यादव तैश में आ गया और बहस करने लगा। आवेश में आकर उसने ने एसआई दिनेश यादव को थप्पड़ मार दिया।
इस पर पुलिसकर्मियों ने युवक को हिरासत में ले लिया। प्रभारी थाना प्रभारी प्रभाकर शुक्ला ने कहा कि थाने के भीतर पुलिस अधिकारी के साथ अभद्रता और हमला करना गंभीर अपराध है। आरोपी अमित यादव को हिरासत में ले लिया गया है। सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मी पर हमले के आरोप में कड़ी कार्रवाई की जा रही है।