जल संरक्षण के मद्देनजर स्थानीय नगर के बाजार स्थित पोखरा की साफ-सफाई तथा सुंदरीकरण अभियान के तहत अतुल कुमार पांडेय उर्फ बब्लू के नेतृत्व में श्रमदान के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया।
श्री पांडेय ने अभियान शुरू होने के पूर्व बताया कि इस वर्ष नगर का जलस्तर तीन से साढ़े तीन फीट नीचे चला गया है। जिसके चलते नगर तथा आसपास के क्षेत्र में जगह-जगह हैंडपंप तथा बोरिंग जवाब दे गए हैं।
बताया कि नगर में तथा इसके आसपास दह रेवती, कोलनाला, कौरिया नाला, बाजार का पोखरा, नागा बाबा का पोखरा आदि दर्जनभर छोटे-बड़े जलाशय है। इन जलाशयों की साफ-सफाई तथा गहराई की जाय तो बरसात के पानी को संचित रखकर भू-गर्भीय जल को संतुलित किया जा सकता है।
इसी को ध्यान में रखकर बड़ी बाजार के पोखरे की साफ-सफाई तथा सुंदरीकरण के लिए दो दिवसीय हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है। श्री पांडेय ने बताया कि आगामी 22 मई को सामूहिक श्रमदान के द्वारा पोखरे में लगे सरपतों तथा कूड़े-करकट की साफ-सफाई की जाएगी।
समाचार लिखे जाने तक एक हजार के करीब हस्ताक्षर कराए जा चुके थे। उक्त अभियान में बैजनाथ पांडेय, ओमप्रकाश तिवारी, महंथ चंद्रभूषण पांडेय, ओमप्रकाश कुंवर मुन्नू, सुनील श्रीवास्तव, कर्मवीर तिवारी, माझिल पांडेय, छोटेलाल बारी, झुन्नूलाल आदि लोग सक्रिय है।