बलिया। हल्दी थाना प्रभारी अशोक कुमार और जापलिनगंज चौकी प्रभारी रामानुज को ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने पर एसपी विक्रांत वीर ने निलंबित कर दिया। सिविल लाइन चौकी प्रभारी मिथलेश कुमार को हल्दी थाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
डीजीपी प्रशांत कुमार ने त्योहारों के दौरान पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को सतर्क रहते हुए कर्तव्य पालन का निर्देश दिया है। बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में आयोजित क्राइम मीटिंग में एसपी विक्रांत वीर ने जिले की कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। हल्दी थाना प्रभारी द्वारा बार-बार पीड़ितों संग दुर्व्यहार व शिकायत आने पर सख्त हो गए।
हल्दी थाना क्षेत्र में चार अक्तूबर को वादी पर दिनदहाड़े गालीगलौज और मारपीट के साथ जान से मारने के लिए धारदार हथियार से हमला किया गया था। मामले में तहरीर मिलने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इस बाबत उच्चाधिकारियों को भी सूचना नहीं दी गई। पीड़ित को जिला अस्पताल से रेफर होने के बावजूद पुलिसकर्मी की ड्यूटी नहीं लगाई गई। आरोप है कि पुलिस ने अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास नहीं किया।
इसके अलावा 12 अक्तूबर को दशहरा के मेले के दौरान भी हल्दी थाना क्षेत्र के रामगढ़ बाजार में काननू व्यवस्था बिगड़ी थी। कुछ युवकों द्वारा एक व्यक्ति से धक्का-मुक्की की गई।
उसपर जलेबी की दुकान में रखी कढ़ाई से गर्म तेल फेंक दिया गया। इस संबंध में तीन नामजद व दो-तीन अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं की गई। इन मामलों में थाना इंचार्ज की ओर से लापरवाही बरती गई। इसपर एसपी ने निरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
उधर, सदर कोतवाली के जापलिनगंज चौकी क्षेत्र मेें बृहस्पतिवार को एक मकान से पांच लाख रुपये की चोरी हो गई। चोरी के संबंध में उच्चाधिकारियों को सूचित नहीं किया गया। समयबद्ध तरीके से एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण नहीं कराया गया। पीड़ित से तहरीर प्राप्त करने के बावजूद लगभग 10 घंटे बाद भी केस दर्ज नहीं किया गया। चोरी के मामले में पूर्व सभासद ने चौकी प्रभारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया था। मामले में जापलिनगंज चौकी प्रभारी की लापरवाही उजागर हुई। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रामानुज को एसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके पूर्व महिला की हत्या मामले में भी मुख्य आरोपी पकड़ा नहीं गया है।