बैरिया। तीन जून को वायु सेना का एएन-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना में शोभाछपरा निवासी सूरज समेत 13 वायु सैनिकों की मौत हो गई थी। इनमें शामिल दिल्ली निवासी शहीद राजेश कुमार को दिल्ली के मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। सूरज के पिता विनोद सिंह ने एसडीएम को दिए गए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन में दिल्ली सरकार की तरह आर्थिक सहायता देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।
शहीद सूरज सिंह के पिता विनोद सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि मेरे परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। जिस बेटे की कमाई से परिवार का परवरिश होता था, वह बेटा देश के लिए शहीद हो गया। ऐसी स्थिति में मुख्यमंत्री मेरे परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करें और मेरे परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दें। बताया है कि वायु सेना में शहीदों के आश्रितों को नौकरी देने का कोई प्रावधान नहीं है। ऐसे में शहीद के परिवार के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न होना स्वाभाविक है। इसलिए प्रदेश सरकार को शहीद के परिवार की मदद को आगे आना चाहिए। उधर, शहीद सूरज के पिता ने सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त व विधायक सुरेंद्र सिंह से भी सहयोग का आग्रह किया है। उक्त दोनों नेताओं ने अपनी तरफ से हरसंभव सहयोग का भरोसा शहीद सूरज सिंह के पिता विनोद सिंह को दिया है।