रतसर। गड़वार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बहादुरपुर कारी में 14 जनवरी से ग्राम प्रधान द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण को बीडीओ गड़वार के आदेश पर मौके पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य रोकवा दिया। इसको लेकर ग्राम प्रधान समर्थक व पुलिस के बीच नोकझोंक हो गया। बवाल बढ़ते देख पुलिस ने मौके से पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
ग्राम प्रधान द्वारा गांव के शंकर प्रधान के डेरा पर नाली व सड़क का निर्माण कराया जा रहा था। इस पर आपत्ति करते हुए गांव निवासी रवींद्र यादव द्वारा 16 जनवरी को उपजिलाधिकारी अश्वनी कुमार श्रीवास्तव से सड़क व नाली को लोक निर्माण विभाग का बताते हुए शिकायत की गई थी। एसडीएम के आदेश पर लोक निर्माण विभाग के जेई जांच करने मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों से नोकझोक हो गई। नोकझोक के बाद जेई वापस लौट गए और कार्य रोकने के लिए जिलाधिकारी से गुहार लगाई।
इसके बाद डीएम ने बीडीओ गड़वार को आदेश दिया था और उनके आदेश पर मंगलवार को उप निरीक्षक गड़वार ओरंगजेब खां व रतसर चौकी इंचार्ज राम अवध राम सदलबल मौके पर पहुंच कर निर्माण कार्य को रोकवाया।
इस संबंध में ग्राम प्रधान हरिनारायण पासवान का कहना है कि यह सड़क ग्राम सभा की है जिसके किनारे नाली निर्माण व सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। यह सड़क कभी भी पीडब्लूडी की नहीं रही है।
वहीं पीडब्लूडी का कहना है कि यह सड़क विभाग का है। जब गांव 1998 में आंबेडकर गांव रहा तो विभाग द्वारा इस सड़क का निर्माण कराया गया था और इस बार विभाग द्ेवारा सीसी सड़क बनाने के प्रस्तावित है। खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार त्रिपाठी का कहना है कि नाले और सड़क का भुगतान रोकने के लिए आदेश कर दिया गया है। सड़क जब पीडब्लूडी से प्रस्तावित है तो उस पर ग्राम सभा से काम नहीं होगा।