जयप्रकाश नगर। बैरिया थाना क्षेत्र के अठगावां पंचायत के रामेश्वर टोला में शनिवार दोपहर सरयू नदी में डूबने से ऋतिक पासवान (7) की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रामेश्वर टोला निवासी सनोज पासवान का सात वर्षीय पुत्र ऋतिक पासवान शनिवार को अपनी बुआ के साथ सरयू नदी के घाट पर गया था। उसकी बुआ घाट पर कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान ऋतिक का पैर फिसल गया और वह नदी में गिरकर डूब गया। हादसा शनिवार दोपहर करीब तीन बजे हुआ। बालक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर बैरिया के नायब तहसीलदार आशीष सिंह और भाजपा के वरिष्ठ नेता सूर्यभान सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और इस दुखद घड़ी में परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि बालक के शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है।