जनपद में रविवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में बालिका समेत सात लोग घायल हो गए । सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भ्ार्ती कराया गया। वहीं पांच लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सिकंदरपुर संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर शनिवार और रविवार को हुए सड़क हादसों में एक बालिका समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को सीएचसी सिकंदरपुर पहुंचाया, जहां तीन की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना क्षेत्र के कस्बा के मुड़ियापुर निवासी भीम पासवान (20) ट्रैक्टर-ट्राली पर मिट्टी लाने लिलकर गया हुआ था। ट्राली पर चढ़ते वक्त भीम गिरकर घायल हो गया।
उधर, थाना क्षेत्र के करमौता गैस एजेंसी के सामने शनिवार की देर रात बाइक असंतुलित होकर पलट गई इस हादसे में बाइक सवार दंपती समेत आठ वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। थाना क्षेत्र के बघुड़ी निवासी इंद्रजीत वर्मा (42) अपनी पत्नी हेमंती वर्मा (38) तथा पुत्री आठ वर्षीय पुत्री निक्की वर्मा के साथ क्षेत्र के सिवानकला गांव रिश्तेदारी में जा रहे थे। आसपास के लोगों ने तीनों को सीएचसी सिकंदरपुर पहुंचाया, जहां तीनों की स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सिकंदरपुर संवाददाता के अनुसार खेजुरी थाना क्षेत्र के बहेरी चट्टी के समीप रविवार की दोपहर खड़े ट्रक में एक बाइक ने टक्कर मार दिया। जिसमें बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पकड़ी थाना क्षेत्र के पूर गांव निवासी सेराज (20) व शाहिद (21) सिकंदरपुर से बाइक से जिला मुख्यालय जा रहे थे।
वहीं फेफना थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव के समीप रविवार को सीमेंट से लदा ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। जिससे चालक रेवती थाना क्षेत्र के दतहां निवासी रमेश यादव (45) घायल हो गया। आस-पास को लोगों ने उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। चालक सुखपुरा थाना क्षेत्र के बनरही सीमेंट गोदाम से सीमेंट लेकर गड़वार की तरफ जा रहा था।