गड़वार थाना क्षेत्र के हजौली गांव में एक नवविवाहिता ने शादी के आठवें दिन गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे में झूल गई।
परिवारवालों को घटना की जानकारी देर शाम तब हुई जब मायकेवाले कलेवा लेकर ससुराल पहुंचे और विवाहिता का भाई उससे मिलने बहन के कमरे में पहुंचा।
देखा कि वह पंखे से लटक रही थी। लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को बुलवाया और उसे पीएचसी चिलकहर ले गए , जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
रसड़ा के श्रीनाथ बाबा मठ के पास 28 जनवरी को आयोजित सामूहिक विवाहोत्सव में हलधरपुर थाना क्षेत्र के सुहवल गांव निवासी कृष्ण मोहन सिंह की पुत्री प्रीति की शादी गड़वार के हजौली गांव निवासी किसान शिवकुमार के पुत्र सोनू के साथ हुई थी। ससुराल में पति के अलावा सास-ससुर देवर और ननद हैं।
मायकेवालों के मुताबिक शादी के बाद से ही प्रीति अपने पति के व्यवहार से क्षुब्ध रहने लगी थी। इसकी सूचना उसने मायकेवालों को दी थी।
गुरुवार की देर शाम मायके पक्ष से लोग कलेवा लेकर हजौली पहुंचे। बहन से मिलने भाई उसके कमरे में पहुंचा तो वह पंखे पर लटकती मिली। यह देख मायके के लोग अवाक रह गए।
तत्काल उसे नीचे उतारा गया। इस बीच एंबुलेंस को बुलवा लिया गया। आननफानन में उसे चिलकहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात उसकी अंत्येष्टि कर दी गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह के अटकलों का बाजार गरम है।
परिवार के लोगों की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। छात्र शक्ति सेवा संस्थान के रसड़ा प्रभारी आशुतोष पांडेय ने बताया कि शादी से पहले दोनों पक्षों से बात की और कराई गई थी। यही नहीं लड़के और लड़की की रजामंदी के बाद ही उनकी शादी कराई गई थी। यह घटना दुखद है।
नवविवाहिता की मौत के बाद उसके शव को जला दिया गया। समय रहते सूचना मिलती तो पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवा कर जांच पड़ताल करती। मायकेवालों ने कोई तहरीर भी नहीं दी है। अत: पुलिस बिना शिकायत कोई कार्रवाई नहीं कर सकती है।- केसी सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर।