सुखपुरा थाना क्षेत्र के हनुमागंज-शंकरपुर के बीच स्थित पुलिया के पास एक खेत में नगर के भरतपुर निवासी मुर्गा विक्रेता नसीम कुरैशी का कंकाल मिला। वह होली के दिन से ही लापता था। कंकाल मिलने की सूचना पर एसपी राजू बाबू सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद शव की शिनाख्त हो सकी। मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
सुखपुरा थाना क्षेत्र के भरतपुरा निवासी नसीम कुरैशी (18) पुत्र सरताज कुरैशी शहर कोतवाली के तिखमपुर छाया टाकीज के पास मुर्गे की दूकान चलाता है। छह मार्च यानी होली के दिन मुर्गा बेचने के लिए वह दूकान में ही सो गया। भोर में घर वाले जब उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करना चाहे तो रिसीव नहीं हो सका। इसके बाद घर के लोग दूकान पर पहुंचे तो खुला पाया लेकिन नसीम नहीं था। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कहीं पता नहीं चला तो उसके भाई राजन ने गुमशुदगी की तहरीर शहर कोतवाली में दी। पुलिस के काफी प्रयास के बाद भी उसका पता नहीं लग सका।
बुधवार को दोपहर बाद हनुमागंज-शंकरपुर के बीच स्थित पुलिया के निकट खेत में एक कटा हुआ नर कंकाल देख लोग अवाक रह गए। वहां एक बोरा पड़ा था, जिसमें से शरीर के कटे अंगों को कुत्ते नोच रहे थे। कुत्ते और जंगली जानवरों के खाने से कंकाल मात्र रह गया था। ऐसे में शिनाख्त मुश्किल था। सूचना पर एसपी राजू बाबू सिंह, एएसपी केसी गोस्वामी, सीओ सिटी डीपी सिंह, सुखपुरा एसओ इल्ताफ हुसैन, बांसडीहरोड एसओ विनीत राय, चौकी प्रभारी हनुमानगंज राम दिनेश तिवारी मौके पर पहुंचे और कंकाल को कब्जे में ले लिया। नर कंकाल मिलने की सूचना पर नसीम के घरवाले भी पहुंचे। नसीम की मां मैरू ने शव पर लगे कपड़े और ताबीज से उसकी पहचान की। मृतक के भाई राजन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को अंत्य परीक्षण और डीएनए टेस्ट कराने का निर्देश दिया। इस दिशा में तेजी लाने का निर्देश दिया। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने को कहा।