बलिया। जनगणना 2027 की प्रशासन की तरफ से तैयारी पूरी कर ली गई है। स्वगणना की बृहस्पतिवार को शुरुआत होगी। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह कलेक्ट्रेट में सुबह 10 बजे शुरुआत करेंगे। वहीं, दोपहर 12.30 बजे विकास भवन में वृहद कार्यक्रम में सभी अधिकारी व कर्मचारी स्वगणना करेंगे।
इसके लिए बुधवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें जनगणना की प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सबसे पहले अपनी स्व गणना करें और इसके बाद अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की स्व-गणना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को सभी शिक्षकों की स्व-गणना कराने के निर्देश दिए। कहा कि गैस एजेंसियां, पेट्रोल पंप, कोटेदार और अन्य संस्थान भी अपने-अपने स्तर पर स्व-गणना अभियान को बढ़ावा दें। आम नागरिक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से भी आसानी से स्व-गणना कर सकते हैं। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, सीआरओ त्रिभुवन, एडीएम अनिल कुमार एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग, पंचायत राज, कृषि विभाग को दी अहम जिम्मेदारी
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि विभाग के सभी कर्मचारियों, एनएएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और संबंधित कर्मियों की स्व-गणना सुनिश्चित कराई जाए। इसके अलावा जिला पंचायत राज अधिकारी को सभी ग्राम प्रधानों के माध्यम से स्व-गणना कराने और प्रत्येक ग्राम पंचायत में बीडीओ द्वारा बैठक आयोजित कर अधिकतम लोगों को इसमें शामिल करने के निर्देश दिए गए। जिला कृषि अधिकारी को किसान यूनियनों के माध्यम से किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया। समाज कल्याण अधिकारी को प्रत्येक ब्लॉक में पेंशनरों से स्व-गणना कराने तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी को विधवा पेंशन समेत अन्य लाभार्थियों को इसमें शामिल करने के निर्देश दिए गए।
स्कूलों में प्रार्थना सभा में बच्चों को दी जाएगी जानकारी
जनजागरूकता के लिए स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को जानकारी देने, ई-रिक्शा, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सफाई कर्मचारियों को भी इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि जनगणना 2027 को सफल बनाया जा सके।