बलिया। नगर मजिस्ट्रेट नरेंद्र प्रताप सिंह व सीओ सिटी एके सिंह के नेतृत्व में शनिवार को रिहायशी इलाका जलालपुर स्थित पटाखा दुकान पर पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान कागजात नहीं मिलने पर नगर मजिस्ट्रेट ने दुकान को सीज कर दिया। दुकानदार का कहना है कि लाइसेंस के लिए उसने नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में आवेदन किया है।
नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने अचानक न्यू बहेरी निवासी मो. एजाज के जलालपुर स्थित दुकान पर छापा मारा। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि मो. एजाज की न्यू जलालपुर में अमान ट्रेडर्स के नाम से दुकान है, जहां लाखों रुपये के पटाखे बेचे जा रहे थे। जिसके विरुद्घ कार्रवाई की गई। बताया कि एजाज की पूर्व में पटाखे का लाइसेेंस था। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से बिना रजिस्ट्रेशन कराए ही लाखों का पटाखे रख कारोबार करता था। जबकि जिला प्रशासन द्वारा मात्र दो थोक एवं दो रेडिमेड की दुकान को लाइसेंस जारी किया गया है। इसके अलावा जो भी अवैध दुकानें खोली गई है, उनके खिलाफ जांचकर कार्रवाई की जाएगी। इस बाबत सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दुकान संचालक का कहना है कि उसने लाइसेंस के लिए नगर मजिस्ट्रेट के यहां आवेदन किया गया है। अगर दुकानदार कागजात दिखाता है तो ठीक है, अन्यथा अभियुक्त के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल नगर मजिस्ट्रेट ने दुकान को सीज कर दिया है।
अवैध रूप से पटाखा बेचने पर होगी कार्रवाई
बलिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी धीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि रिहायशी इलाके में अवैध रूप से पटाखा बेचना जुर्म है। अगर बिना जानकारी के कोई रिहायशी इलाके में पटाखा चोरी चुपके बेच रहा है और वहां कोई अप्रिय घटना घटित हो जाती है तो वहां घटना पर नियंत्रण पाना काफी मुश्किल होगा। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी।