बलिया। दीवानी न्यायालय के पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता हरिवंश सिंह पर जानलेवा हमले के बाद प्रशासन ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी है। पीएसी की एक कंपनी न्यायालय परिसर की सुरक्षा में तैनात हो गई है। अधिवक्ताओं को छोड़ अन्य लोगों के कोर्ट में आवाजाही पर विशेष निगाह रहेगी। पुलिस घायल अधिवक्ता के पुत्र की तहरीर पर नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
शहर के डाकघर के सामने सोमवार की सुबह कोर्ट जा रहे बाइक सवार अधिवक्ता हरिवंश सिंह को सरेराह रोक कर जानलेवा हमला किया गया था। घटना से अधिवक्ताओं में नाराजगी है। कोर्ट परिसर में पूर्व में अधिवक्ताओं के दो गुटों में हुई मारपीट में घायल कुछ अधिवक्ताओं को आरोपी बनाया गया है। घटना के बाद कोर्ट परिसर में फिर से दो गुटों में तनाव हो गया है। कोतवाल राकेश सिंह ने बताया कि तनाव को देखते हुए कोर्ट परिसर में पुलिस फोर्स के अलावा पीएसी तैनात रहेगी। अधिवक्ताओं को छोड़ गेट पर आने जाने वाले लोगों की स्कैनर से चेकिंग के बाद एंट्री मिलेगी।