बलिया। नगर पालिका नगरा में जनपद की दूसरी कान्हा गोशाला का निर्माण होगा। 1.65 करोड़ रुपये की लागत से होने वाली गोशाला निर्माण के लिए प्रथम किस्त के रूप में 90 लाख रुपये की राशि भी उपलब्ध हो गई है। टेंडर प्रक्रिया के बाद शीघ्र ही 500 क्षमता वाली गोशाला का निर्माण शुरू हो जाएगा। इससे नगर पंचयात मनियर में कान्हा गोशाला का निर्माण कराया गया था।
छुट्टा जानवरों से लोगों को राहत दिलाने के लिए पिछले दिनों नगरा नगर पंचायत की ओर से कान्हा गौशाला निर्माण का प्रस्ताव बीते दिनों शासन को भेजा था। एक करोड़ 65 लाख 79 हजार रुपये की लागत से होने वाली कान्हा गोशाला के निर्माण को शासन ने मंजूरी प्रदान कर दी थी। 500 पशुओं की क्षमता वाली कान्हा गौशाला के निर्माण की प्रक्रिया इस बीच नगर पंचायत की ओर से जल्द शुरू की जाएगी। निर्माण में आर्थिक बाधा न उत्पन्न हो इसके लिए शासन से प्रथम किस्त के रूप में 90 लाख रुपये की राशि भी उपलब्ध हो गई है।
नगरा नगर पंचायत में कान्हा गोशाला का निर्माण होने से छुट्टा मवेशियों को लेकर लोगों को काफी राहत मिलेगी। नगर पंचायत की ओर से इसे लिए भूमि भी तलाश कर ली गई है। अगले माह की शुरुआत में निर्माण शुरू कराने की बात कही जा रही है।
अत्याधुनिक होगी गोशाला
नगर पंचायत के अनुसार कान्हा गोशाला मेें पेयजल के लिए पंपिंग सेट लगाया जाएगा। टीन शेड लगेगा तो चारा रखने के लिए भी अलग से कक्ष बनेगा। मवेशियों के नहाने के लिए छोटे तालाब की स्थापना होगी तो प्रकाश की भी समुचित व्यवस्था होगी।
जल्द शुरू होगा निर्माण
नगरा में में स्थायी कान्हा गोशाला निर्माण के लिए शीघ्र ही प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। - बृजेश कुमार, अधिशाषी अधिकारी, नगरा