बेल्थरारोड। एसडीएम कोर्ट में बुधवार को सुनवाई के दौरान पेशी पर आए दो पक्षों में मारपीट होने लगी। इससे नाराज होकर एसडीएम ने उनको जेल भेज दिया। अधिवक्ताओं ने उनकी गिरफ्तारी को गलत बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
उभांव थाना क्षेत्र के ससना बहादुरपुर गांव की दलित बस्ती में दो पट्टीदारों अमित और अमरनाथ के बीच रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले में कई बार पंचायत भी हो चुकी है। इसी मामले में पुलिस ने एक पक्ष से अमित कुमार और सरोज देवी (देवर-भाभी) एवं विपक्षी रीमा कुमारी समेत तीन लोगों को उभांव थाना पुलिस द्वारा धारा 151 के तहत चालान कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया। रीमा कुमारी का भाई अमरनाथ भास्कर उर्फ रिंकू और अन्य लोग भी मौजूद थे।
एसडीएम राजेश कुमार गुप्ता किसी मामले की सुनवाई कर रहे थे। इस बीच पुलिस कस्टडी में मौजूद अमित कुमार और अमरनाथ के कोर्ट में ही एक-दूसरे को देख लेने की धमकी देने लगे। अमित ने अमरनाथ को कई थप्पड जड़ दिया। इसके बाद गुस्साए प्रतिवादी पक्ष ने गिरफ्तार अमित की धुनाई कर दी। पेशकार व वकीलों ने बीचबचाव किया। उभांव इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और बवाल करने वाले अमरनाथ भास्कर उर्फ रिंकू को पकड़ लिया। जिसे पुलिस कोर्ट परिसर से थाना ले गई। इस बीच अधिवक्ताओं ने पुलिस को घेर लिया और न्यायालय परिसर से गिरफ्तारी को गलत बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।