इंदरपुर। बेल्थरा रोड विधानसभा क्षेत्र के नगरा ब्लॉक स्थित मां परमेश्वरी धाम में पर्यटन विकास की राह खुल गई है। प्रदेश सरकार ने धाम के समग्र विकास के लिए 1 करोड़ 20 लाख रुपये की परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है।
शासन से धनराशि स्वीकृत होने की जानकारी बेल्थरा रोड विधायक हंसू राम ने साझा की। उन्होंने इसे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
ग्रामसभा कमरौली निछुआडीह स्थित मां परमेश्वरी मंदिर बेल्थरा रोड समेत पूर्वांचल के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। नवरात्र में यहां विशाल मेला लगता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं।
वहीं भादो मास में पांच बृहस्पतिवार तक लगने वाले काष्ठ मेले में बलिया समेत आसपास के जिलों से दुकानदार काष्ठ निर्मित सामान लेकर पहुंचते हैं। लंबे समय से स्थानीय लोगों की ओर से धाम के सुंदरीकरण और पर्यटन स्थल के रूप में विकास की मांग की जा रही थी।
स्वीकृति के बाद तेज हुई कवायद: परियोजना को धरातल पर उतारने की कवायद भी शुरू हो गई है। लखनऊ से उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के अवर अभियंता सुनील यादव और आर्किटेक्ट की टीम ने मंदिर परिसर का विस्तृत साइट विजिट किया।
टीम ने परिसर, परिक्रमा मार्ग, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल, शौचालय और पहुंच मार्ग का निरीक्षण किया। प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए माप-जोख भी की गई।
परियोजना के तहत विवाह घर, इंटरलॉकिंग, बाउंड्रीवाल, भव्य प्रवेश द्वार, शेड, पार्क और सुंदरीकरण समेत विभिन्न कार्य प्रस्तावित हैं। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ धाम के धार्मिक पर्यटन को भी गति मिलने की उम्मीद है।