बेल्थरारोड। सरयू नदी ने एक बार फिर रौद्र रूप अख्तियार कर लिया है। खतरे के निशान से 83 सेंटीमीटर ऊपर बहने वाली सरयू नदी के जलस्तर में बढ़ाव का क्रम लगातार बना हुआ है। पिछले तीन दिनों से नदी का पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। नदी का तेवर तल्ख हो गए हैं। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार मंगलवार की शाम जलस्तर 64.840 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो लाल निशान 64.010 मीटर से 83 सेंटीमीटर अधिक है। आयोग का कहना है कि एक-एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। आयोग ने अगले 24 घंटों में जलस्तर में वृद्धि जारी रहने का पूर्वानुमान किया है। नदी का पानी बढ़ता देख तटवर्ती बाशिंदों के होश उड़ गए हैं। दर्जनों गांवों के किसानों की सब्जी, अरहर आदि फसल पानी में डूब कर बर्बाद होने के कगार पर है। टीएस बंधा से नीचे चैनपुर गुलौरा के कब्रिस्तान में पानी भर गया है। टीएस बंधा पर जमीन के सतह से करीब चार फीट ऊपर तक नदी का पानी पहुंच गया है। तुर्तीपार, गुलौरा, टंगुनिया, हाहानाला राजभर बस्ती समेत गांव के कई बस्तियों तक पानी पहुंच जाने से तटवर्ती लोगों को घोर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हाहानाला, तुर्तीपार, हल्दीरामपुर रेगुलेटर पर पानी का दबाव बढ़ गया है। जलस्तर में वृद्धि का सिलसिला जारी रहा तो तटवर्ती दर्जनों ग्रामों के हजारों लोगों को बाढ़ की विभीषिका का सामना करना पड़ेगा।